मेरे पालतू कुत्ते ने
मुझ से कुछ कहा तो नहीं
कहेगा भी कैसे
कुत्ते कहाँ कुछ कहते हैं
मुझे लग रहा है बस यूं ही
कि शायद वो बहुत नाराज है
वैसे उसने कहीं
कुछ लिखा भी नहीं है इस बारे में
लिखेगा भी कैसे
कुत्तों का फेसबुक एकाउंट
या ब्लाग नहीं होते हैं
कुत्ते भौंकते जरूर हैं
उसके भौँकने में
वैसे कोई फर्क तो नहीं है
पर मुझे लग रहा है
कुछ अलग तरीके से भौँक रहा है
ये सब मैं सोच रहा हूँ
कुत्ता नहीं सोच रहा है
कुत्ते सोचते भी हैं या नहीं
ये मुझे पक्का कहाँ पता है
ऐसा शायद इस कारण हो रहा है
पड़ोसी ने कुत्ते से शायदकुछ कहा है
जिस पर मैंने ध्यान नहीं दिया है
बस मुझे ही लग रहा है
मालिक अपने वफादार के लिये
कुछ नहीं कर पा रहा है
अपने दुश्मनो से
अपने को बचाने के लिये
कुत्ते को सामने मगर ले आ रहा है
इसीलिये कुत्ते को शायद गुस्सा
आ जा रहा है
पर वो ये सब भी कहाँ बता रहा है ।