उलूक टाइम्स

रविवार, 24 जून 2012

कुछ नया किया जाये

खुद के
मन के अंदर
घुमड़ रहा हो जो

जरूरी नहीं
उसका बादल
बनने दिया जाये

दूसरा बादल
कहीं और
बना के क्यों ना
बरसने दिया जाये

अपने चेहरे को
अपने आईने
में ही देखा जाये

जरूरी नहीं
जो दिखे खुद को

उसे किसी
और को
दिखाया जाये

अपने अपने
आईने को
पर्दों से
ढक दिया जाये

कोई क्या
देख रहा है
उनके अपने
आईने में
किसी से
ना पूछा जाये

वीराने
बुनने वालों को
किसी दिन
बिल्कुल भी
ना टोका जाये

एक दिन
तो ऎसा हो

जिस दिन
अपने गमलों
को बस
देखा जाये

उनकी
आवारगी
को आज
नजरअंदाज
कर दिया जाये

एक दिन
के लिये सही 

अपना ही
आवारा 
हो
लिया जाये

चुपचाप
आज दिन में ही
सो लिया जाये

कुछ पल
का ही सही
मौन ले
लिया जाये

अपनी
बक बक
की रेल को
लाल सिग्नल
दिया जाये

किसी
और का
सुरीला गीत
आज के लिये
सबको सुनने
को दिया जाये।

शनिवार, 23 जून 2012

जरूरत है

जरूरत है एक
अदद अधिकारी की
एक उसके नीचे के
भी एक कर्मचारी की
शैक्षिक योग्यता
क्या होनी चाहिये
ये अभी किसी को
नहीं बताया जायेगा
साक्षात्कार के समय
अभ्यर्थी का ये
सस्पेंस भी दूर
कर दिया जायेगा
काम के बारे में
हर राज अभी के
अभी यहीं पर
खोल दिया जायेगा
पहला काम यह है
कभी भी काम पर
कहीं नहीं आना है
जो काम पर आता है
उसके बारे में
पता करके हमें
टेलीफोन से
रोज बताना है
कामचोर और
हरामखोर लोगों का
उत्साह बढा़ना है
कामचोरी के साथ
हरामखोरी भत्ता
भी हर महीने
इनको दिलवाना है
काम करने वाले
लोगों को काली
सूची में डलवाना है
कर सको तो ऎसे लोगों
का बैण्ड बाजा भी
बजवाने में
बिल्कुल भी नहीं
हिचकिचाना है
वेतन के अलावा
कहाँ कहाँ से पैसा
उगाया जा सकता है
इस प्रकार के विषयों
पर पुन:श्चर्या कार्यक्रम
साल मे तीन चार बार
जरूर करवाना है
फीता काटने के लिये
बड़े साहब के अलावा
किसी को नहीं लाना है
वो आ रहे हैं किस दिन
इस बात को केवल
उन लोगों को बताना है
जिनको कभी भी काम
पर कहीं नहीं आना है ।

शुक्रवार, 22 जून 2012

कर नया कुछ

चलिये
आज कुछ

मूड बदल
दिया जाये


कुछ
रूमानी
बातों में

दिल को अपने

जबरदस्ती  
धकेल
लिया जाये


कहाँ से
करें शुरू
कि

मजा ही मजा
हो जाये


पिताजी
आज बिजली

वाला आया था

पुराने
बहुत से बिल

जमा नहीं हुवे हैं
समझाने आया था

छोड़िये भी
रहने दीजिये
इधर से भी
ध्यान हटाते हैं

बारिश
नहीं हो रही है

बहुत समय से
लोग बताते हैं

कुछ
बादलों की

सोच कर
सपनों में ही सही
नमी ले आते हैं

सुनते हो जी
गैस का सिलिण्डर
वापिस आ गया है

मेट को
गाड़ी वाले ने

वापिस लौटा दिया है

कल से स्टोव में

खाना बनाइयेगा

आज
अभी जा के

कैरोसिन
पाँच लीटर

जरा बाजार से
ब्लैक में ले आइयेगा


उफ
एक कोशिश
अंतिम कोशिश

क्या पता
मूड बन ही जाये

अंधे
के हाथ में
कानी बटेर
कहीं
से आ जाये

इंद्रधनुष
देखे सोचे हुवे

एक अर्सा बीत गया

रंगों को
सब काला सफेद

मौका मिलते ही
हर कोई कर गया

चलो
घर पर ही

उसे बना लिया जाये

बल्ब की
तेज रोशनी करके

पानी की फुहारों को
हवा में उडा़या जाये

आम
जनता को

सूचित किया जाता है

बिजली
कटौती से

चूंकि पम्प नहीं
चल पाता है

अगले
दो दिन पानी

नहीं आ पायेगा

जिसे प्यास
लग ही गयी

बिसलेरी बाजार से
अपने लिये खरीद
के ले आयेगा

रहने भी
दीजिये


किसी
और दिन अब

खुश रहने
का जुगाड़

कर लिया जायेगा

आज भी
कटे फटे

मुद्दों पर ही ध्यान
लगाया जायेगा

पढ़ने
वाले भी

इसी के आदी
हो चुके हैं

खाली
कहीं नई

रंगीन बात
छपी
देख
कर यहां


किसी को
तेज
बुखार
आ जायेगा ।

गुरुवार, 21 जून 2012

तुमको तो कुछ आता है

सुना है तुमको
भी कुछ आता है
मेरे को मेरे पड़ोस
में रहने वाला यहीं का
एक मास्टर बताता है
लिखते विखते हो
फिर हिन्दी में टाईप
भी कर ले जाते हो
मेरी समझ में ये
लेकिन नहीं आता
इतनी मेहनत फालतू
काहे कर जाते हो
सीधे सीधे घर के
अखबार में ही
कुछ क्यों नहीं
छपा ले जाते हो
अखबार तो बहुत से
लोगों के द्वारा देखा
और पढा़ जाता है
जिसे कुछ भी नहीं
आता है वो भी अखबार
एक जरूर खरीद
के ले जाता है
अड़ोस पड़ोस मोहल्ले वाले
नाई धोबी सब्जी वाले
को भी पता इस तरह
चल जाता है 
कोई लिख रहा है कुछ
समझ मे नहीं भी आये
तब भी वो कुछ तो
समझ जाता है
कि लिखने वाले को
कुछ आता है
कंप्यूटर में लिखने से
तुमको क्या मिल जाता है
कितने आदमी को
ये बता पाता है
कि तुमको भी
कुछ आता है
कुछ रोज के मजबूरी में
इधर से गुजरने वालोंं को
तो पता चल जरूर जाता है
उसमें से एक कुछ
पढ़ पाता है और
कुछ कह भी जाता है
एक बिना पढे़ लाईक
कर के चला जाता है
किसी को समझ में
नहीं भी आये तो भी
उसको शेयर करने में
ही मजा आ जाता है।

बुधवार, 20 जून 2012

जवान के साथ जा जवान हो जा

कुछ कुछ
खुश खुश
थोड़ा सा
रसिक मिजाज

सबसे जुदा
जुदा अंदाज
वाले एक
हमारे साहब

लगा रहे थे
दूर कहीं
नजर आ रहे एक
सज्जन को जोर
जोर से आवाज

अरे भाई कहां से
आज आ रहे हो
बड़े दिनो बाद
यहां पर हमें
शक्ल दिखा रहे हो

भैय्या जी ने
पान की गिलौरी
को गाल में थोडा़
किनारे को खिसकाया

मुँह ऊपर करके
कुछ स्पष्ट कुछ
अस्पष्ट भाषा में
उनको बताया

शैक्षिक भ्रमण
करके आ रहे हैं
बालक बालिकाओं
को देश के कई
इलाके दिखलाके
वापस ला रहे हैं

साहब ने
उत्सुकता
दिखाते हुवे
एक फार्मूला
हवा में उछाला

खूबसूरत महिलाओं
के साथ ने आदमी
की उम्र को कई बार
कई जगह बहुत
कम है कर डाला

आप भी इसीलिये
आज कुछ जवान से
नजर आ रहे हो

चेहरे से भी अपनी
उम्र कुछ कम
आज बता रहे हो

साहब जी
वैसे तो
आप सही
फरमा रहे हो

पर श्रीमती जी हमे
अकेला कभी कहीं
नहीं जाने देती
इसीलिये हमारे
साथ साथ भ्रमण
में गाइड का काम
खुद ही हैं ले लेती

जवान बच्चों का
साथ मेरी उम्र
पच्चीस साल
अगर कम कहीं कराता

बीबी की परछाई
के छूते ही समय
पचास साल आगे
चला है जाता

जवान ऎसे बताइये
मै कहाँ हो पाउंगा
दो चार भ्रमण अगर
साल में हो गये
भगवान को प्यारा
जरूर ही हो जाउंगा।

मंगलवार, 19 जून 2012

पति पर सट्टा

घर की लड़की
बहन या पुत्री
के लिये पति
एक सर्वश्रेष्ठ
ही ढूँढा जाता है
ठोक बजा कर
उसे हर कोण से
देखा परखा जाता है
जीवन संगिनी बना
कर फिर उसे प्यार
से सहेज कर भेजा
ससुराल को जाता है
यहाँ पर लेकिन
पति की खोज
एक पूरा खेल
वो भी उल्टा
नजर आता है
पहले तो हर
पाँच साल में
एक पति को
अवकाश दे
दिया जाता है
अगले पति की
खोज में नया
फिर बाजार
सजाया जाता है
पहली बार
इस बार तो
गजब सुना है
पाँच सौ करोड़
का सट्टा भी
खेला जाता है
काम का है या
बेकार का है
बिल्कुल भी
नहीं देखा जाता है
कभी कभी इस
जुए में जोकर
भी एक मौका
पा जाता है
इस बार महसूस
पता नहीं क्यों हो
रहा है कहीं कोई
उपर की मंजिल
खाली तो मौका
नहीं पा जाता है
मालूम सबको है
पर देखना भी है
ऎ राष्ट्र कि इस
बार तू किस
बेवकूफ को
वरमाला इनके
इशारों पर
पहनाता है ।

सोमवार, 18 जून 2012

नयी कबड्डी

पता ही नहीं
लग पा रहा है
मेरे घर में क्या
होने जा रहा है
हर महीने विपक्ष
से एक पक्ष में
आ कर मिल
जा रहा है
वोटर तेरे वोट
का ये सिलसिला
तेरे को दिया
जा रहा है
क्या तेरी समझ में
ये सब साफ साफ
आ रहा है
तेरा नेता तेरे को
कोई धोखा सीधे
सीधे दिये जा रहा है
सुना है तीन महीने
के अंदर विपक्ष भी
पक्ष के अंदर सेंध
लगाने के लिये
जा रहा है
बड़ा छेद करके
खुद सरकार अपनी
बनाने जा रहा है
वोटर तेरे को
सांप क्यों सूंघ
जा रहा है
तू कुछ क्यों नहीं
बोल पा रहा है
मेरी समझ में
तेरा इस
तरह शर्माना
बिल्कुल भी नहीं
आ पा रहा है
आइडियोलोजी के
कालर खडे़ करने
वालों को पसीना
क्यों आ रहा है
मुझे तो किसी पर
क्या कमेंट करूंं
कुछ कहना ही
नहीं आ रहा है
पर क्या
यह व्यवहार
वेश्यावृति से
सौ प्रतिशत मेल
नहीं खा रहा है।

रविवार, 17 जून 2012

तेरा दिन है आज बापू


हैप्पी फादर्स डे बापू
आज मुझे तू बहुत याद आ रहा है
सुना है तेरा दिन है
और तू उसे धूमधाम से कहीं मना रहा है
अखबार टी वी मीडिया
हर जगह तेरी फोटो को दिखाया जा रहा है

बचपन से बढ़कर जवान भी अगर कोई हो जाता है
बापू तू सामने खड़ा बेटे को हर जगह नजर आता है

शादी होते ही बेटे की
बापू लोगों का वेट थोड़ा सा कम हो ही जाता है
तू बापू के साथ एक लड़की का ससुर जो हो जाता है

समझदार बापू अगर हो
अपने बैंक बैलेंस से बैलेंस इसको कर ही ले जाता है
दिमागदार बापू इस तरह
मरने मरने तक बापू का तमगा
चमकाये चला जाता है बहुत कुछ पाता है

फादर्स डे को ग्रीटिंग कार्ड डाकिया भी उसको देने आता है
जेब अपनी हल्की कर गया जिंदगी में गल्ती से भी कहीं
वो वाला बापू पूअर डैडी हो जाता है

फादर्स डे के दिन
अखबार के विज्ञापन में बाप का फोटो देखता है
थोड़ी देरे को सँजीदा हो जाता है 
बेटे की चिंता में फिर से कहीं खो जाता है ।

चित्र साभार https://www.dreamstime.com/

शनिवार, 16 जून 2012

प्रेम की परिभाषा

आखें
बंद कर
जैसे कहीं
खो बैठे वो

प्रेम के
सागर में
गोते जैसे
खाने
अचानक
लगे हों

पूछने लगे
हमसे
भैया जी
प्रेम की कोई
परिभाषा
जरा हमेंं
बताइये
प्रेम है
क्या बला
जरा हमेंं
आप आज
समझाइये

'प्रेमचंद' की
'ईदगाह'
के
'हामिद' का
उसकी
दादीजान से
'मीराबाई'
का 'कृष्ण'से
पिता का पुत्र से

या फिर
किसी भी
तरह का प्रेम
जो आपकी
समझ में
आता हो
प्रेम के
सागर की
लहरों में
हिलोरों में
झूला आपको
कभी झुलाता हो

बडा़ झंझट
है जी
हमारे
साथ ही
अक्सर
ऎसा क्यों
हो जाता है
जो सबको
मुर्गा दिखाई
दे रहा हो
हमारे सामने
आते ही
कौआ काला
बन जाता है

'हामिद' सुना
था कुछ
फालतू काम
करके आया था
अपनी दादीजान
की उंगलियां
आग से बचाने
के लिये मेले से
चिमटा एक
बेकार का
खरीद कर
लाया था

'मीराबाई'
भी जानती थी
शरीर नश्वर है
और
'कृष्ण' उसके
आसपास भी
कभी नहीं
आया था

मरने मरने
तक उसने
अपने को यूँ ही
कहीं भरमाया था

किसने
देखा प्रेम
किसी
जमाने की
कहानियाँ
हुआ करती थी

प्रेम
अब लगता है
वाकई में
इस जमाने
में ही खुल
कर आया है

सब कुछ
आकर देखिये
छोटे छोटे
एस एम एस
में ही समाया है

जिंदगी के
हर पड़ाव
में बदलता
हुआ नये
नये फंडे
सिखाता
हमें आया है

नये रंग के साथ
प्रेम ने नया एक
झंडा हमेशा ही
कहीं फहराया है

चाकलेट
खेल खिलौने
जूते कपड़े
स्कूल की फीस
छोटे छोटे
उपहार
कर देते थे
तुरंत ही
आई लव यू
का इजहार

प्रेम की
वही खिड़की
विन्डो दो हजार
से अपडेट हो कर
विन्डो आठ जैसी
जवान हो कर
आ गयी है तैयार

तनिश्क
के गहने
बैंक बैलेंस
प्रोपर्टी
कार
हवाई यात्रा
के टिकट के
आसपास
होने पर
सोफ्टवेयर
कम्पैटिबल है
करके बता जाती है

खस्ता हाल
हो कोई अगर
उसके प्रेम
के इजहार पर
अपडेट कर लीजिये
का एक
संदेश दे कर
हैंग अपने आप
ही हो जाती है।

शुक्रवार, 15 जून 2012

कुछ नहीं

अच्छा तो फिर 
आज क्या कुछ 
नया यहाँ लिखने
को ला रहे हो
या रोज की तरह
आज भी हमको
बेवकूफ बनाने
फिर जा रहे हो
ये माना की
बक बक आपकी
बिना झक झक
हम रोज झेल
ले जाते हैं
एक दिन भी नागा
फिर भी आप
कभी नहीं करते
कुछ ना कुछ
बबाल ले कर
यहाँ आ जाते हैं
लगता है आज कोई
मुद्दा आपके हाथ
नहीं आ पाया है
या फिर आपका
ही कोई खास
फसाद कहीं कुछ
करके आया है
कोई बात नहीं
कभी कभी ऎसा
भी हो ही जाता है
मुर्गा आसपास
में होता तो है
पर हाथ नहीं
आ पाता है
आदमी अपनी
जीभ से लाख
कोशिश करके भी
अपनी नाक को
नहीं छू पाता है
लगे रहिये आप
भी कभी कमाल
कर ले जायेंगे
कुछ ऎसा लिखेंगे
कि उसके बाद
एक दो लोग
जो कभी कभी
अभी इधर को
आ जाते हैं
वो भी पढ़ने
नहीं आयेंगे
कुछ कहना लिखना
तो दूर रहा
सामने पढ़ ही गये
किसी रास्ते में
देखेंगे आपको जरूर
पर बगल की गली से
दूसरे रास्ते में खिसक
कर चले जायेंगे
बाल बाल बच गये
सोच सोच कर
अपने को बहलायेंगे।